नहीं रहे किंकर सिंह, जनपद में शोक की लहर

बस्ती,यूपी। कप्तानगंज से दो बार विधायक रहे राना कृष्ण किकंर सिंह (72) नही रहे। उन्होने अपने पैतृक गांव रानीपुर बेलाड़ी में आज सुबह करीब 9 बजे अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है हृदय गति रूकने से उनकी मौत हुई है। सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि परिजन उन्हे अस्पताल भी नही ले जा सके। राना कृष्ण किंकर सिंह बस्ती की राजनीति में बड़ा नाम है, राजनीति में उनकी सीधे दखल रहती थी। दो साल पहले जुलाई 2020 में उन्होने कांग्रेस छोड़ दिया था। इसके बाद वे, उनके पुत्र नागेश प्रताप सिंह तथा भतीजे राना दिनेश प्रताप सिंह भाजपा में सक्रिय थे। नागेश के अलावा किंकर सिंह की तीन बेटियां हैं सभी की शादी हो चुकी है।
राना कृष्ण किकर सिंह ने राजनीतिक सफर वर्ष 1977 में एपीएन कालेज के छात्र संघ अध्यक्ष से की। इसके बाद वह प्रधान चुने गए। वर्ष 1983 और 1988 में बहादुरपुर के ब्लाक प्रमुख रहे। वर्ष 1989 और 91 में कप्तानगंज विधान सभा सीट से निर्दल विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 1995 में जिला पंचायत अध्यक्ष भी बने। 2017 के चुनाव में वह कप्तानगंज सीट से कांग्रेस के चिन्ह पर लड़े थे और हार गए। किकंर सिंह का अपना एक जमाना था। बहुत कम लोग उनसे आंख मिलाने की हैसियत रखते थे।