मऊ के भीम राजभर बसपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर बताया

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भीम राजभर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने यह जानकारी ट्वीट कर दी है। हाल ही में हुए उप चुनाव में एक भी सीट पर जीत हासिल न होने को इस तब्दीली के पीछे का कारण माना जा रहा है। लिहाजा पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अब और अधिक सतर्क दिखने लगी है।
मऊ निवासी भीम राजभर के पास आजमगढ़ मंडल के जोनल कोआर्डिनेटर का भी ओहदा है। वह मुनकाद अली की जगह लेंगे। भीम की तैनाती के पीछे राजभर वोट बैंक को भी साधने की रणनीति माना जा रहा है। क्योंकि पूर्वांचल में राजभर वोट किसी भी सीट पर नतीजों को प्रभावित करने की ताकत रखते हैं।
उत्तर प्रदेश में बसपा वर्ष 2012 से सत्ता से बाहर है। 2006 में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होने के बाद वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जीत दर्ज की और 2017 से भाजपा सूबे की सत्ता पर काबिज है। भाजपा उप चुनाव में छह सीटों पर जीत दर्ज कर उत्साहित है तो बसपा की चुनौती बढ़ गई है।
भाजपा ने बसपा के वोट बैंक में तगड़ी सेंध लगाई है। हालांकि, अनुसूचित जाति में हरिजन अभी भी बसपा के साथ हैं। इसका असर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों के साथ ही 2017 के विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल चुका है।
यह है मायावती का ट्वीट
मायावती ने अपने ट्वीट में लिखा है कि यूपी में अति-पिछड़े वर्ग (ओबीसी) में राजभर समाज के पार्टी व मूवमेन्ट से जुड़े पुराने, कर्मठ एवं अनुशासित सिपाही श्री भीम राजभर, निवासी जिला मऊ (आजमगढ़ मण्डल) को बीएसपी उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनको हार्दिक बधाई व शुभकामनायें।
About The Author
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भीम राजभर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त…