17 अक्टूबर से एक सप्ताह चलेगा नारी कवच अभियान
बस्ती। नारी सशक्तिकरण, नारी सम्मान, बच्चों व महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा की रोकथाम को जनपद में सत्रह अक्टूबर से एक सप्ताह तक नारी कवच अभियान चलेगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि महिला कल्याण तथा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित रूप से अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान में महिला शक्ति केन्द्र, वन स्टाप सेण्टर, जिला बाल संरक्षण इकाई, सीडीपीओ तथा सुपरवाईजर भी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक दिन के लिए कार्यक्रम का निर्धारण किया गया है। 17 अक्टूबर को मोबाइल एलईडी वैन रैली आयोजित की जाएगी। 18 अक्टूबर को पोक्सो कानून के तहत बच्चों का यौन हिंसा से बचाव, सहायता पुनर्वास तथा हिंसा करने पर दण्ड के प्रावधान की जानकारी दी जाएगी। 19 अक्टूबर को लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा तथा दहेज उत्पीड़न कानून की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जनजागरूकता कर रहे योद्धाओं को प्रोत्साहन पत्र भी वितरित किया जाएगा। 20 अक्टूबर को बेटी बचाओ बेटी पढाओ, कन्या भ्रूण हत्या, पीसीपीएनडीटी एक्ट की जानकारी दी जाएगी। 21 अक्टूबर को बाल विवाह रोकथाम, सहायता, पुनर्वास, 22 अक्टूबर को कोविड-19 के रोकथाम, 23 अक्टूबर को महिलाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, 24 अक्टूबर को जिला, ब्लाक तथा ग्राम स्तर पर एक साथ विभिन्न संस्थाओं की बैठक तथा 25 अक्टूबर को सुरक्षा शपथ दिलाई जाएगी।
About The Author
बस्ती। नारी सशक्तिकरण, नारी सम्मान, बच्चों व महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा की…