धनतेरस पर जमकर हुई खरीददारी, हुई भगवान कुबेर की पूजा

– धनतेरस पर गुरुवार को बस्ती में लोगों ने खरीदारी की और घरों में भगवान कुबेर की पूजा अर्चना की
– प्रदेश में साप्ताहिक बंदी से छूट, तीस नवंबर तक हर दिन खुल सकेंगी दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान
बस्ती। खरीददारी की मुहूर्त में धनतेस पर गुरुवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की। घरों में भगवान कुबेर की पूजा अर्चना की। धनतेरस को लेकर सुबह से बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी थी, शाम होते-होते गांधी नगर बाजार समेत जिले के तमाम कस्बों के बाजारों में लोगों की भीड़ दिखने लगी।
नए बर्तनों में मिष्ठान रखकर प्रसाद बांटा गया। शुक्रवार को भी भगवान धनवंतरि और कुबेर की पूजा होगी। ज्योतिषाचार्य पंडित आत्माराम पांडेय शास्त्री ने बताया कि इस दिन ही वैद्य राज धनवंतरि का जन्म हुआ था । धनवंतरि जयंती मनाने के लिए नए पात्र खरीदकर उसकी पूजा की जाती है। निरोगी काया के साथ भगवान कुबेर से समृद्धि की कामना की जाती है। धातु का सामान खरीदने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी पूजन होगा। पूरे दिन खरीदारी का मुहूर्त है। अपनी सुविधा के अनुसार खरीदारी की जा सकती है।
साप्ताहिक बंदी में शिथिलता
लखनऊ। त्योहारों के मौसम में उत्तर प्रदेश सरकार ने धनतेरस से लेकर कार्तिक पूर्णिमा यानी 30 नवंबर तक बाजारों को साप्ताहिक बंदी से छूट दे दी है। इस अवधि में दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को साप्ताहिक बंदी से छूट देने के लिए श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर किए हैं। कोरोना आपदा और लॉकडाउन से प्रभावित हुईं आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए सरकार ने व्यापारियों और उद्यमियों के हित में यह फैसला लिया है।
धनतेरस पर गुरुवार को बाजारों में खासी भीड़ रही। बर्तन से लेकर फर्नीचर, टीवी, फ्रिज और ज्वैलरी की भी खूब खरीददारी हुई। देर रात तक लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार भी रंग-बिरंगी रोशनियों से नहाए थे। पूजा के लिए गणेश लक्ष्मी के साथ चांदी के सिक्के भी खरीदे गए। भीड़ की स्थिति यह थी कि सराफा बाजार की दुकानें भी देर रात तक खुली नजर आ रहीं।
दीपावली से दो दिन पहले पड़ने वाले धनतेरस पर्व पर शहर के गांधीनगर, मंगल बाजार, पांडेय बाजार समेत मालवीय स्थित दुकानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ नजर आने लगी थी। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को फूलों और बिजली की झालरों से सजा रखा था।
सबसे अधिक भीड़ बर्तनों की दुकानों में रही। चम्मच से लेकर स्टील के गैस चूल्हे भी खरीदे गए। मिठाई व नमकीन की दुकानें भी सजी नजर आ रहीं थीं। बर्तन व्यापारियों का कहना था कि साल का त्योहार है, इसमें ग्राहक ज्यादा नहीं तो कुछ न कुछ बर्तन जरूर खरीद रहा है। सराफा बाजार में हर बार की तरह इस बार भी चांदी के गणेश लक्ष्मी और सिक्कों की काफी डिमांड रही।
कार व बाइक शोरूमों में उमड़ी भीड़
शहर के बाइकों के शोरूमों पर भी पूरे दिन भीड़ रही। धनतेरस के दिन वाहनों का खरीदना शुभ माना जाता है। इस कारण ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए एजेंसियों ने बुकिंग काउंटर भी लगा रखे हैं।
महिलाओं की पसंद बनी फ्रिज, वाशिंग मशीन
इलेक्ट्रानिक दुकानों पर भी देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। आटोमेटिक वाशिंग मशीन और फ्रिज महिलाओं की खास पसंद बनी रही। वहीं युवाओं में एलसीडी का क्रेज दिखा। इसके अलावा फर्नीचर की दुकानों पर भी दीवान से लेकर सोफे तक खरीदे गए।
About The Author
– धनतेरस पर गुरुवार को बस्ती में लोगों ने खरीदारी की और घरों में…